इंडिया ने श्रीलंका को 7 विकेट से दी मात
दृष्टिहीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के चौथे मैच में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने विजेता टीम को बांटे इनाम
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। पीएयू के मैदान में नेशनल फेडरेशन ऑफ द ब्लाइंड और भारत दृष्टिहीन सेवक समाज की ओर से कराए अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट मैच में भारत के तेजतर्रार नेत्रहीन क्रिकेट खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका की टीम को 7 विकेट से हराकर लगातार चौथी जीत हासिल की है। विजेता टीम के कप्तान अजय कुमार को मैन आफ द मैच से सम्मानित किया गया। विजेता खिलाड़ियों को सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने सम्मानित किया और गिल रोड पर बने नेत्रहीनों के आश्रम के लिए 10 लाख रुपये देने का ऐलान किया। बिट्टू ने खुद नेत्रहीन खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेल कर हौसलाअफजाई की। उन्होंने प्रबंधकों से वादा किया कि भविष्य में होने वाले नेत्रहीन खेलों में प्रबंधक बनकर सारे प्रबंधों में सहयोग करेंगे। मैच का उद्घाटन पूर्व विधायक मनप्रीत सिंह अय्याली ने करते हुए सभी खिलाड़ियों को लुधियाना पहुंचने पर स्वागत किया। मैच से पहले अमृतसर में मारे गए व्यक्तियों की आत्मिक शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि भेंट की व जखमियों के जल्दी सेहत ठीक होने की कामना की। इस दौरान सभी प्रबंधकों व खिलाड़ियों ने काली पट्टिया बांध कर मारे गए व्यक्तियों के लिए शोक जताया। श्री लंका के खिलाड़ियों ने देश का राष्ट्रीय गीत और इंडिया ने राष्ट्रीय गीत गाया। भारतीय टीम के कप्तान अजय कुमार ने टॉस जीतकर गेंद बाजी का फैसला लिया। श्रीलंका के बल्लेबाज 19.4 ओवर में 137 रन बनाकर आल आउट हो गए। इंडिया के कप्तान अजय कुमार, रामबीर सिंह व बनीकेशवरा ने 2-2 विकेट ली। जबकि भारतीय खिलाड़ियों ने 137 रन का पीछा करते हुए 18 ओवर में 3 विकेट गंवाकर 138 रन बनाकर मैच जीत लिया। सुनील रमेश ने पांच चौके लगाकर 54 रन, अजय ने 1 चौका लगाकर 35 रन तथा भास्कर ने 28 रन बनाए। श्रीलंका के तुषार, दिनेश मुधुबंता तथा प्रीयांता ने एक एक विकेट लिए। क्रिकेट एसोसिएशन आफ द ब्लाइंड इन इंडिया के सचिव डेविड ने बताया कि 22 अक्तूबर को फरीदाबाद में इस लड़ी का पांचवां व आखिरी मैच होगा। इस मौके पर ब्रेल भवन जमालपुर के सुपरिंटेंडेंट मनजिंदर सिंह, एनएफबी के यूथ सचिव नवीन अलावत, यूथ सचिव बलवंत सिंह धालीवाल, महिला विंग की प्रधान डिंपल रानी, रजिंदर सिंह, मखन सिंह, अशोक कुमार, जगरूप सिंह जरखड़, शहीद भगत सिंह मॉर्निंग वाक क्लब के प्रधान इंदरजीत सिंह रायपुर, सन्नी, राजू, कमल ग्रेवाल मौजूद रहे।