रुपये वापस मांगने पर दिन में तारे दिखाने की धमकी
कांग्रेस छोड़ अकाली दल में शामिल पूर्व विधायक ने सरपंच को धमकाया, ऑडियो वायरल
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला। कांग्रेस के पूर्व विधायक व हलका भदौड़ से इंचार्ज जोगिंदर सिंह पंजगराईं, के कांग्रेस के छोड़ शिरोमणि अकाली दल में शामिल होने पर गांव भदौड़ के सरपंच जोगिंदर सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पटाखे चलाए और लड्डू बांटे। सरपंच जोगिंदर सिंह ने आरोप लगाया कि जोगिंदर सिंह पंजगराईं ने उनसे एक लाख रुपये लिए हैं। उनके कांग्रेस छोड़ने से इलाके का भला होगा। इसकी भनक जोगिंदर सिंह पंजगराईं को लगी तो उन्होंने सरपंच जोगिंदर सिंह को फोन मिलाकर धमकाया। सरपंच के मुताबिक उन्होंने पंजगराईं से अपने एक लाख रुपये वापस मांगे तो पंजगराईं ने कहा कि उनके कोई रुपये उसे नहीं देने हैं। इस पर दोनों में काफी नोंकझोंक हुई। इस पर पंजगराईं की सरपंच जोगिंदर सिंह को धमकाने की ऑडियो वायरल हो गई, जो हलके में चर्चा का विषय बनी हुई है। ऑडियो में पंजगराईं भदौड़ सरपंच जोगिंदर सिंह को धमकी देते हुए दिन में ही तारे दिखाने की बार-बार धमकी दे रहे हैं। इस ऑडियो के वायरल होते ही जिले में सियासी चर्चा जोरों पर है। इस बारे में पूर्व विधायक पंजगराईं से जब फोन पर संपर्क करना चाहा तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। उधर, सरपंच ने धमकाने की पुष्टि की है।