ट्राली-बाइक की टक्कर में तीन युवकों की मौत
मीयांपुर-बल्लमगढ़ मंदवाड़ा रोड पर हुआ सड़क हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
रोपड़। जिला के गांव मीयांपुर-बल्लमगढ़ मंदवाड़ा रोड पर बुधवार शाम एक ट्रैक्टर ट्राली और मोटरसाइकिल में टक्कर से तीन युवकों की मौत हो गई। थाना सिंघभगवंतपुर की पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता जसबीर सिंह निवासी रौलमाजरा घनौली ने बताया कि उसका भतीजा गुरजंट सिंह (23) वासी रौलमाजरा अपने दोस्त हरमनप्रीत सिंह (23) निवासी मौजलीपुर (बेला) थाना चमकौर साहिब के साथ बाइक पर चंडीगढ़ से खिजरबाद रोड होते हुए रोपड़ की तरफ आ रहा था। जब वह गांव बल्लमगढ़ मंदवाड़ा के पास पहुंचे तो लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्राली के साथ उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलट गई और उसके नीचे दबने से ट्राली सवार भूपिंदर सिंह (23) निवासी गांव बल्लमगढ़ मंदवाड़ा और बाइक सवार हरमनप्रीत सिंह और गुरजंट सिंह घायल हो गए। तीनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हरमनप्रीत और भूपिंदर को मृत घोषित कर दिया गया और गुरजंट सिंह को पीजीआई रेफर कर दिया गया जहां उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे में ट्रैक्टर ट्राली का ड्राइवर और एक अन्य नौजवान बच गए। जानकारी के अनुसार हरमनप्रीत और गुरजंट चंडीगढ़ में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे और ड्यूटी से लौट रहे थे। हरमनप्रीत ने आइलेट्स की हुई थी और उसके साढ़े सात बैंड आए हुए हैं। उसने कनाडा जाने के लिए फाइल लगाई हुई थी। थना सिंघ भगवंतपुर के एएसआइ हरमेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर चालक रणधीर सिंह वासी बल्लमगढ़ मंदवाड़ा थाना सिंघ भगवंतपुरा जिला रूपनगर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।