दिव्यांग महिला ने चुनावी ड्यूटी से मांगी राहत
बरनाला। प्रदेश में 30 दिसंबर को होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर जिला चुनाव अफसर कम डीसी बरनाला धर्मपाल गुप्ता ने चुनाव में ड्यूटियां लगाई हैं, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो व चुनाव सफलता पूर्वक हो सकें। पंचायत चुनाव में दिव्यांग महिला की चुनावी ड्यूटी लगने के कारण परेशान महिला ने जिला प्रशासन से चुनावी ड्यूटी से राहत की मांग की है। पीड़ित महिला सिंदरपाल कौर निवासी भैणी जस्सा ने बताया कि वह सेहत विभाग में सव-सेंटर धूरकोट में काम करती है। उसकी चुनाव में पोलिंग अफसर की ड्यूटी लगाई गई, जो दिव्यांग के चलते नहीं दे सकती है, क्योंकि उनका पति हरदेव सिंह बीमार है व बच्चे छोटे हैं। उन्होंने कहा कि वह चुनाव में ड्यूटी कटवाने को लेकर 19 दिसंबर को एसडीएम से मिल चुकी है, लेकिन उनकी ड्यूटी नहीं काटी गई है। उन्होंने बताया कि उन्हें सर्दी व कोहरा के चलते अपने वाहन पर आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है, तो वहीं अन्य वाहन पर वह जा नही सकते।इस संबंध में डीसी धर्मपाल गुप्ता ने कहा कि ऐसी कोई बात नही है, उनके द्वारा इससे पहले भी दिव्यांग होने के कारण ड्यूटी ही नहीं लगाई गई है। अगर ऐसी कोई बात है, तो उनके द्वारा जांच कर ली जाएगी।