लोगों को बरगाड़ी मोर्चे से बदलाव की उम्मीद: खैरा
केजरीवाला पर साधा निशाना, बोले- अंतर्कलह खत्म करने का दे रहे झूठा दिलासा
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। पंजाब के लोगों की उम्मीदों पर खरा न उतरने वाली आम आदमी पार्टी से निराश लोग अब तीसरे बडे़ बदलाव की तलाश में है। जिस के चलते लोग अब बरगाड़ी मोर्चे में जुटी भीड़ से तीसरे बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं। खैरा ने यह बात शनिवार को एक इंटरव्यू के दौरान कही। खैरा ने आरोप लगाया कि जब वह नेता प्रतिपक्ष होते हुए बरगाड़ी मोर्चे का साथ देने के लिए बरगाड़ी जाते थे तो पार्टी के सीनियर नेता कहते थे कि अगर तुम वहां जाओगे तो आम आदमी पार्टी से शहरी वोटर नाराज हो जाएंगे। पिछले दिनों आप संयोजक केजरीवाल की तरफ से पार्टी की अंतर्कलह को खत्म किए जाने के संबंध में खैरा ने कहा कि केजरीवाल इस तरह के बयान देकर आप वर्करों को झूठा दिलासा दे रहे हैं। खैरा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकार बने सूबे में दो साल हो गए, लेकिन कांग्रेस सरकार ने बादलों के खिलाफ आज तक कार्रवाई नहीं की, क्योंकि अकाली व कांग्रेसी मिले हुए हैं। खैरा ने कहा कि बेअदबी कांड के आरोपियों पर कार्रवाई करने के लिए बरगाड़ी इंसाफ मोर्चे की तरफ से दिया गया अल्टीमेटम समाप्त होने के बाद वह बरगाड़ी इंसाफ मोर्चे पर बैठे लोगों के साथ मिलकर इंसाफ की मांग करते हुए बरगाड़ी से चंडीगढ़ स्थित कैप्टन की कोठी तक रोष मार्च कर कोठी के आगे धरना देंगे। खैरा ने कहा कि फिलहाल वह आप को नहीं छोड़ रहे, लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले पहले वह आप में ही रहकर हमख्याली पार्टियों के साथ मिलकर चुनाव लडे़ंगे। खैरा ने कहा कि बरगाड़ी में जो बेअदबी कांड को लेकर सात अक्तूबर को भीड़ जुटी थी, उसे के लिए उनका भी थोड़ा बहुत रोल है। खैरा ने आरोप लगाया कि अकाली व कांग्रेसियों ने साजिश के तहत अब विधानसभा के सेशन को पहले वाला सेशन नहीं रहने दिया।