मुख्यमंत्री ने करोड़ों के विकास कार्यों का किया एलान
आनंदपुर साहिब के विकास के लिए बनेगी आनंदपुर साहिब डेवलपमेंट अथारिटी
जिले की छह नगर काउंसिलों को आठ करोड़ देने की घोषणा
अमर उजाला ब्यूरो
श्री आनंदपुर साहिब। आनंदपुर साहिब में कार्यक्रम के दौरान सीएम ने आनंदपुर साहिब-गढ़शंकर मार्ग की रिपेयर कराने का एलान किया। संबोधन में सीएम ने कहा कि श्री केसगढ़ साहिब के जत्थेदार ने इस मार्ग को बनाने के लिए कहा है और उन्होंने तुरंत संबंधित विभाग को सात करोड़ रुपये से बनने वाले इस मार्ग पर काम शुरू कराने के लिए कहा है। होला मुहल्ला तक काम मुकम्मल करने के लिए भी कहा है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आनंदपुर साहिब का विकास कराने के लिए स्पीकर राणा केपी सिंह की मांग पर आनंदपुर साहिब डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाने का भी एलान किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कीरतपुर साहिब के विकास के लिए स्पेशल डेवलपमेंट पलान बनाने और बस स्टैंड से एक पुल बनाने का भी एलान किया। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जिले की छह नगर काउंसिलों को भी फंड जारी करना का एलान करते हुए कहा कि आनंदपुर साहिब व नंगल नगर काउंसिल को दो-दो करोड़ रुपये जब कि कीरतपुर साहिब और चमकौर साहिब नगर काउंसिल को 50-50 हजार, रोपड़ तथा मोरिंडा नगर काउंसिल को 1.50-1.50 करोड़ रुपये के फंड विकास कार्यों के लिए जारी करने का एलान किया। मुख्यमंत्री द्वारा शहरी इलाकों के अलावा चमकौर साहिब का गांव के लिए चार करोड़, रोपड़ हलके के गांवों के लिए विकास के लिए तीन करोड़ तथा श्री आनंदपुर साहिब हलके के गांवों के विकास कार्यों के लिए छह करोड़ रुपये के फंड जारी करने का एलान किया। इसके अलावा डीसी को पांच-पांच करोड़ रुपये के फंड विभिन्न तहसीलों के विकास के लिए जारी करने की बात कही। सीएम ने कहा कि चमकौर साहिब में शहीद सिंहों की याद में बन रहे थीम पार्क के लिए 11 करोड़ की राशि दी गई है और चमकौर साहिब की सुंदरता के लिए जरूरत अनुसार ओर फंड जारी किए जाएंगे। उन्होंने आनंदपुर साहिब तथा नुरपुरबेदी में 26 करोड़ रुपये से पीने के पानी की व्यवस्था कराने की बात कही।