त्योहारों के सीजन में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पटियाला के ताजपुरा स्थित मित्तल पतीसा हाउस में जांच के दौरान गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियां मिलने पर उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। विभाग ने अगले आदेश तक यहां कामकाज पर रोक लगा दी है। वहीं बलबेड़ा और पटियाला के आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न खाद्य कारोबारियों की जांच कर खाद्य पदार्थों के पांच नमूने भी लिए गए हैं।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गुरप्रीत कौर ने बताया कि चलाए गए अभियान के दौरान मित्तल पतीसा हाउस में पतीसा और फैनी तैयार की जा रही थी। जांच टीम को वहां बेहद गंदगी और अस्वच्छ हालात मिले। इसके अलावा बेसन से बना बताकर बेचे जा रहे पतीसे में मुख्य सामग्री के रूप में मैदा इस्तेमाल किए जाने का संदेह है। उत्पाद को पीला रंग देने के लिए नींबू-पीले रंग का इस्तेमाल किए जाने की आशंका भी जताई गई है।