जालंधर। आम आदमी पार्टी (आप) के जिला प्रधान सुरिंदर सिंह सोढी, वरिष्ठ नेता राजविंदर कौर, रमणीक रंधावा, तथा प्रिंसिपल प्रेम कुमार ने कहा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार में राज्य के नौजवानों को न रोजगार मिला और न ही 2500 रुपये का मासिक भत्ता। पहले कैप्टन और अब चन्नी सरकार राज्य की जनता को लॉलीपॉप देने का काम कर रही है। मंगलवार को प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य की चन्नी सरकार प्रदेश के सभी बेरोजगार नौजवानों को नौकरी दे, क्योंकि कांग्रेस घर-घर नौकरी के वादे के साथ सत्ता में आई थी। आप पार्टी ने चन्नी सरकार को कांग्रेस का चुनावी मैनिफेस्टो याद करवाते हुए बेरोजगारों को प्रति महीना 2500 रुपये भत्ता अब तक के बकाया समेत दिए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि पहले अकाली-भाजपा सरकार और अब कांग्रेस सरकार की नौजवान विरोधी नीतियों के कारण पंजाब की 7.3 बेरोजगारी दर ने राष्ट्र की 4.8 प्रतिशत बेरोजगारी दर को भी पछाड़ दिया है, जोकि अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बेरोजगारों को प्रति महीना भत्ता पिछले वर्षों के बकाए समेत दिया जाए। उन्होंने सरकारी कॉलेजों में पढ़ा रहे गेस्ट फैकल्टी टीचरों की सेवाएं बिना शर्त पहल के आधार पर पक्की करने की मांग की। इस अवसर पर उप प्रधान हरचरण सिंह संधू, गौरव पूरी व्यापार मंडल अध्यक्ष, दर्शन लाल भगत एससी विंग उप प्रधान, पूर्व डीसीपी बलकार सिंह, आईएस बग्गा आदि मौजूद थे।