पटियाला। एक तरफा प्रेम में युवक 23 साल की युवती को परेशान कर रहा था। युवती ने भाखड़ा नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान काजल निवासी गांव पेधन के तौर पर हुई है। थाना भादसों पुलिस ने युवती के भाई सुखचैन सिंह की शिकायत पर आरोपी रजिंदर सिंह निवासी गांव रनो खुर्द के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
सुखचैन सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि आरोपी रजिंदर सिंह कुछ समय पहले सुविधा सेंटर में ठेके पर काम करता था। उसने मदद करके उसकी बहन काजल को भी सेंटर में नौकरी पर लगवा दी थी। बीते छह महीने से काजल सुविधा सेंटर में ही काम कर रही थी। इसी बीच एक तरफा प्रेम में पागल रजिंदर सिंह ने उनकी बहन को दोस्ती करने के लिए परेशान करना शुरू कर दिया।
आरोपी ने काजल के साथ गलत हरकतें भी कीं। इस संबंधी काजल ने खुद 22 दिसंबर को बाद दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अपने भाई को फोन करके बताया था। इसके बाद युवती ने गांव चनारथल में भाखड़ा नहर में छलांग लगा दी। राहगीरों की मदद से उसे नहर से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।