जालंधर में पत्रकारों से बात करते केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भगवंत मान सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। मेघवाल ने कहा कि पंजाब के लोगों को केन्द्र से मिलने वाले हर एक लाभ में मान सरकार रुकावट पैदा करती है, जिससे लोग केंद्र सरकार की योजनाओं का पूरी तरह लाभ नहीं ले पाते।
2024 चुनाव और पंजाब में होने वाले नगर निगम चुनावों को लेकर केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल इन दिनों जालंधर लोकसभा प्रवास पर हैं। पहले दिन उन्होंने जिला कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान जिला पदाधिकारियों और मंडलों के साथ की संगठनात्मक बैठक कर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने कहा कि व्यापारियों उद्योगपतियों की प्रगति के लिए केंद्र सरकार हर उचित कदम उठाएगी।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील शर्मा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया, जिला प्रभारी संजीव खन्ना, प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व सीपीएस कृष्ण देव भंडारी, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश बाघा, पूर्व एमएलए सरबजीत सिंह मक्कड़, पूर्व एमएलए इकबाल सिंह अटवाल, प्रदेश महिला मोर्चा उपाध्यक्ष शैली खन्ना, पूर्व प्रदेश सचिव अनिल सच्चर, पूर्व एमएलए अरुणेश शाकिर आदि उपस्थित हुए।
अर्जुन राम मेघवाल ने कार्यकर्ताओं को कहा कि आज हम सभी को एकजुट होकर पार्टी के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने की जरूरत है। अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण योजनाओं को मुख्य रखते हुए देशहित में कई इतिहास कायम किए हैं।