संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। जालंधर में शनिवार रात शहर के व्यस्ततम फुटबॉल चौक में कुछ युवक बीच सड़क पर चारपाई बिछाकर हुक्का पी रहे थे। जब पुलिस को इस बारे में पता चला, तो उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर हुक्का जब्त कर लिया और युवकों को तुरंत हिरासत में ले लिया। हालांकि, हुक्का पी रहे युवकों ने बताया कि वे सरकारी काम से कार में जालंधर आए थे। देर रात फुटबॉल चौक में मरम्मत का काम चल रहा था। इस दौरान मरम्मत का काम करने आए युवकों ने चौक में ही एक खाट बिछा दी और वहीं हुक्का पीना शुरू कर दिया। यह हुक्का फ्लेवर वाला नहीं था। जब वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को इस बारे में बताया तो टीमें तुरंत जांच के लिए मौके पर पहुंच गई और दो युवकों को हिरासत में ले लिया गया। मौके पर पहुंचे एसीपी वेस्ट ने कहा कि हुक्का पीना प्रतिबंधित है। यह लोग पब्लिक प्लेस पर हुक्का पी रहे थे। दोनों युवकों को हिरासत में लेकर हुक्का भी जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।