मोगा। दो विभिन्न मामलों में थाना बाघापुराना और थाना सिटी साउथ मोगा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दो दुकानदारों को गिरफ्तार कर उनकी दुकान से प्रतिबंधित चाइना डोर की 14 रील बरामद की हैं। दोनों दुकानदारों के खिलाफ धारा 188 के तहत केस दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी थाना बाघापुराना के एएसआई सुखमंदर सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर उन्होंने रविवार को दोपहर करीब एक बजे चन्नूवाला रोड पर स्थित एक किराना की दुकान पर दबिश दी तो पुलिस ने दुकान से प्रतिबंधित चाइना डोर की 9 रील बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपी दुकानदार सुमित कुमार को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया। दूसरे मामले में जांच अधिकारी थाना सिटी साउथ मोगा के एएसआई हरविंदर सिंह के मुताबिक गुप्त सूचना के आधार पर उन्होंने रविवार को दोपहर करीब सवा तीन बजे मजीठिया चौक में स्थित विशाल पतंग स्टोर नामक दुकान पर दबिश देकर प्रतिबंधित चाइना डोर की 5 रील बरामद कीं। पुलिस ने आरोपी दुकानदार गुरदीप को गिरफ्तार कर धारा 188 के तहत केस दर्ज कर लिया।