होशियारपुर। थाना गढ़दीवाला की पुलिस ने शनिवार रात 90,000 नशीली गोलियों के साथ लुधियाना निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवक इनोवा में सवार थे और कालरा मोड़ के पास पुलिस की नाकाबंदी देख उन्होंने प्लास्टिक का एक बड़ा बोरा फेंककर भागने की कोशिश की। पुलिस ने उक्त दोनों को दबोच लिया और बोरा बरामद कर उसकी तलाशी ली तो उसमें से नशीली गोलियों के 180 डिब्बे बरामद हुए। उसमें से 500 गोली प्रति डिब्बे के हिसाब से कुल 90,000 गोलियां मिलीं। आरोपियों की पहचान लुधियाना के हैबोवाल कला भारत नगर चौक निवासी अमनदीप सिंह उर्फ बाऊ और बलविंदर सिंह उर्फ मन्नू के तौर पर हुई है। मन्नू मूल रूप से नवांशहर के गांव सहूंगड़ा का रहने वाला है। थाना गढ़दीवाला के एसएचओ बलविंदर पाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया। अदालत से उन्हें दो दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया गया है। एसएचओ के मुताबिक रिमांड के दौरान उनसे गहन पूछताछ करके यह पता लगाया जाएगा कि वह गोलियां कहां से लाए थे।