पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी।
- फोटो : MOGA
सीआईए स्टाफ मोगा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर गिरोह के दो अपराधियों को गिरफ्तार कर उनसे प्रतिबंधित गोलियां, चोरी की बाइक व अवैध असलाह बरामद किया है। एसएसपी हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि मिली सूचना के आधार पर उनकी ओर से बनाई गई स्पेशल टीम ने नामी गैंगस्टर गिरोह के बदमाश अजय कुमार उर्फ मनी निवासी कोटकपूरा और अमृतपाल सिंह निवासी भिंडर कलां हाल मोगा को काबू कर 1800 प्रतिबंधित गोलियां, चोरी की बाइक, दो देसी पिस्तौल व 13 कारतूस बरामद किए हैं। एसएसपी के अनुसार दोनों के खिलाफ थाना सदर में केस दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि गांव दुन्नेके निवासी सुक्खा जो इस समय कनाडा में रह रहा है, गैंग के सभी बदमाश उसके संपर्क में थे और उसकी गाइडलाइन के तहत ही आरोपी पंजाब व हरियाणा में वारदात करते थे। कारोबारियों से फिरौती मांगना व लूटपाट करना गिरोह का मुख्य काम था। मोगा की पुरानी अनाजमंडी में व्यापारी को गोली मारने, समालसर क्षेत्र में सरपंच को गोली मारकर पैसे लूटने, लुधियाना से एक रिट्ज कार और पंचकूला से फॉर्च्यूनर गाड़ी छीनने व मोगा के कारोबारियों से रंगदारी मांगने जैसी कई वारदात को आरोपी अंजाम दे चुके हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ मोगा समेत कोटकपूरा और लुधियाना के पुलिस थानों में 9-9 केस दर्ज हैं। इस गैंग के छह सदस्यों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि गैंग के एक बदमाश हरमनजीत सिंह उर्फ हरमन भाऊ निवासी चीमा (तरनतारन) की गिरफ्तारी बाकी है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी यूपी व उत्तराखंड चले जाते थे।