संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। थाना अमीर खास पुलिस ने दो आरोपियों को एक किलो 500 ग्राम हेरोइन और अर्टिगा कार समेत गिरफ्तार किया है। एएसआई कुलवंत सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ फाजिल्का की पुलिस पार्टी गश्त के दौरान टी-प्वाइंट शमसद्दीन चिश्ती के पास मौजूद थी। इसी दौरान एक अर्टिगा कार आती दिखाई दी। पुलिस पार्टी को देखकर चालक ने कार को अचानक पीछे मोड़ने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस ने शक के आधार पर कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार से एक किलो 500 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान कुलबीर सिंह पुत्र महिंदर सिंह और रोबिन सिंह पुत्र गुरमेज सिंह, निवासी गांव मल्हा, थाना वैरोवाल, जिला तरनतारन के रूप में हुई है। थाना अमीर खास पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।