चार जून से शुरू हो रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए पंजाब महिला और पुरुष हॉकी टीमों के चयन के लिए अमृतसर में आज होने वाले चयन ट्रायल रद्द कर दिए गए हैं। हॉकी पंजाब के निलंबन के बाद भारत में अग्रणी हॉकी संगठन हॉकी इंडिया की ओर से नियुक्त हॉकी पंजाब की तदर्थ समिति के सदस्य ओलंपियन बलविंदर सिंह शम्मी के अनुसार 4 से 13 जून तक हरियाणा में आयोजित होने वाली खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए पंजाब महिला और पुरुष हॉकी टीमों के अमृतसर जीएनडीयू में 17 मई को चयन ट्रायल होने थे लेकिन अब उन्हें रद्द कर दिया गया है। क्योंकि हॉकी पंजाब की ओर से पहले लिए गए ट्रायल में चुने गए संभावित खिलाड़ियों को ही कैंप में बुलाया जाएगा।