संवाद न्यूज एजेंसी
फगवाड़ा (कपूरथला)। सीआईए स्टाफ फगवाड़ा की पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान कार सवार तीन बदमाशों को 6 पिस्टल, एक देसी कट्टा व 35 कारतूस सहित गिरफ्तार किया है।एसएसपी कपूरथला वत्सला गुप्ता ने बताया कि गांव गौसपुर की क्रासिंग पर नाकाबंदी की हुई थी, इस दौरान एक स्विफ्ट कार में तीन युवक सवार थे। कार सवार युवकों की पहचान सुखवंत सिंह उर्फ सुक्खा निवासी गांव धीरपुर थाना करतारपुर, रोशन सिंह निवासी बड़ा भाई थाना बावला जिला फिरोजपुर व अजय कुमार उर्फ अज्जू निवासी रामसर थाना बावला जिला फिरोजपुर के रूप में हुई है। चेकिंग में इनके कब्जे से चार पिस्तौल 32 बोर, 16 कारतूस व 30 बोर पिस्टल के 19 कारतूस बरामद हुए। आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट का केस दर्ज किया गया है। इनकी निशानदेही पर गांव धीरपुर से सुखवंत सिंह के खूह से दो और पिस्तौल व एक देसी कट्टा बरामद किया। उन्होंने बताया कि सुखवंत सिंह के खिलाफ कत्ल का एक मुकदमा व इरादा कत्ल के तीन मुकदमों सहित कुल आठ केस दर्ज हैं। रोशन सिंह के खिलाफ कत्ल के एक मुकदमे सहित कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। इनके अलावा अजय कुमार के खिलाफ चोरी व आर्म्स एक्ट के दो केस दर्ज हैं। इन तीनों ने मिलकर अपना ही एक गिरोह बना रखा है और समय-समय पर जेल में से बाहर आने पर यह दोबारा लूट-पाट व अन्य वारदातों को अंजाम देते हैं।