संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। पंजाब पुलिस में भर्ती के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाने आए युवाओं का दर्द आखिर छलक ही गया। सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाने में हो रही देरी पर वीरवार को ये युवा काफी परेशान दिखाई दिए। इन युवाओं का कहना था कि हर उम्मीदवार ने मेडिकल करवाने के लिए करीब 2400 रुपये का भुगतान किया है, इसके बावजूद उन्हें मेडिकल करवाने के लिए 2 से 3 दिन लग गए। युवाओं ने कहा कि काफी युवा तो पंजाब के दूसरे जिलों से आए हुए हैं। उनके मेडिकल समय पर न होने के कारण उन्हें शहर में रुकने, खाने-पीने जैसी कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दरअसल बुधवार को जालंधर के सिविल अस्पताल में बिजली की समस्या के चलते पंजाब पुलिस में भर्ती के लिए मेडिकल करवाने आए युवाओं को बैरंग लौटना पड़ा था। इसके चलते सिविल अस्पताल में वीरवार को मेडिकल करवाने वालों का तांता लग गया। युवा सुबह 8 बजे से ही सिविल सर्जन आफिस में अपना नाम दर्ज करवाने के लिए लंबी लाइनों में लग गए, लेकिन अव्यवस्था के कारण इन युवाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह हुई बारिश ने इन युवाओं की परेशानी को ओर बढ़ा दिया। बारिश से बचने के लिए वे इधर-उधर ठिकाना ढूंढते नजर आए। सिविल प्रशासन की तरफ से इन युवाओं के बैठने तक का भी कोई इंतजाम नहीं किया गया था, जिसके कारण इन्हें जमीन पर ही बैठकर अपना समय व्यतीत करना पड़ा। सिविल सर्जन आफिस पहुंचे इन युवाओं के लिए पीने के पानी की भी कोई खास व्यवस्था नहीं की गई। उम्मीदवारों का कहना है कि उन्हें बारिश में और असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
उधर, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि बुधवार को बिजली समस्या के कारण टेस्ट नहीं हो पाए थे। बुधवार को टेस्ट न होने के कारण वीरवार को काम दोगुना हो गया। इसके बाद भी इन युवाओं के टेस्ट करवाने का काम जल्द से जल्द किया जा रहा है।