जालंधर। केमिकल युक्त व अवैध लाहन तैयार करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस की तरफ से तमाम अधिकारियों को आदेश दिया गया है कि चालू भट्ठियों के अलावा शराब तस्करों पर शिकंजा कसा जाए। इसके लिए सतलुज के आसपास के इलाकों में उन स्थानों को चिन्हित करने के लिए कहा गया है, जो अवैध शराब बनाने के गढ़ बन चुके हैं।
एसएसपी स्वर्णदीप सिंह ने बताया कि ऐसी सूचनाएं भी आ रही हैं इसलिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है। पहली गिरफ्तारी बुर्ज हसन से हो चुकी है। सतलुज दरिया के किनारे बसे गांव बुर्ज हसन में शराब की अवैध भट्टी से जहरीली शराब तैयार की जा रही है।
जिस पर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए बुर्ज हसन के रहने वाले तस्कर गुरदयाल सिंह को 100 लीटर लाहन, एक चालू भट्टी, ड्रम और अन्य सामान बरामद कर लिया और उससे पूछताछ भी की जा रही है। उसके पास से बरामद 100 लीटर लाहन को टेस्ट भी करवाया जाएगा। छापेमारी से पहले ही कई तस्कर भूमिगत हो गए हैं और धंधा बंद कर दिया है। वहीं वीरवार को भी पुलिस द्वारा सतलुज व आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया गया। कमिश्नरेट पुलिस के चीफ डॉ. एस भूपति ने भी तमाम मातहत अधिकारियों को आदेश दिया है कि केमिकल युक्त शराब की तस्करी करने वालों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।