मंदिर में शादी की भावना व धर्मवीर का फाइल फोटो।
- फोटो : ABOHAR
अबोहर। उपमंडल के गांव खुब्बन निवासी युवक के साथ प्रेम विवाह करने वाली युवती का उसके फुफेरे भाइयों ने उसके घर से अपहरण कर लिया। जिस पर थाना बहाववाला पुलिस ने युवती के पति के बयान पर एक नामजद सहित तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस को दी शिकायत में गांव खुब्बन निवासी धर्मवीर सिंह ने बताया कि सोमवार को शाम जिला सिरसा के गांव जंडवाला बिश्नोईया निवासी सतवीर बिश्नोई अपने साथियों के सहित उसके घर पर आया और उसकी पत्नी भावना को जबरन उठाकर ले गया।
इस दौरान उसकी मां गुरप्रीत कौर व छोटे भाई लवप्रीत सिंह ने इसका विरोध किया तो अपहर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की। जिस पर पुलिस ने सतवीर बिश्नोई व तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ भांदस की धारा 365, 323, 34 के तहत मुकदमा नंबर 90 दर्ज कर लिया है। इधर सूत्रों से पता चला है कि धर्मवीर ने राजस्थान के गांव साधूवाली निवासी भावना के साथ प्रेम विवाह किया था, जो भावना के परिजनों को मंजूर नहीं था। इसके चलते सोमवार को भावना का फुफेरा भाई सतवीर अपने कुछ साथियों के साथ गांव खुब्बन में आया और धर्मवीर के परिजनों से मारपीट करते हुए भावना को जबरन उठाकर ले गए। थाना बहाववाला पुलिस मामले की जांच कर रही है।