कर्फ्यू में नाके पर सब इंस्पेक्टर व पत्रकारों की नोकझोंक हो गई। इस दौरान सब इंस्पेक्टर ने पत्रकारों की पिटाई कर दी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसके बाद एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने तत्काल सब इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर कर सस्पेंड कर दिया है।
पत्रकारों का दोष सिर्फ इतना था कि वे कर्फ्यू के दौरान अवैध रूप से आवाजाही कर रहे लोगों के बारे में सवाल पूछ रहे थे। पहले तो मौके पर तैनात सब इंस्पेक्टर बलजिंदर सिंह ने काफी देर तक बहस की फिर सवाल कर रहे पत्रकारों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। आदमपुर से पत्रकारों का शिष्टमंडल एसपी रविंदरपाल सिंह संधू से मिला और पूरी घटना से अवगत करवाया।
सोमवार को आदमपुर मुख्यमार्ग पर पुलिस ने नाका लगाया था। इस दौरान कई लोग बिना वजह के सड़क पर घूम रहे थे। मौके पर दो पत्रकार भी पहुंचे और कवरेज करने लगे। उन्होंने पुलिसवालों से सड़क पर घूम रहे लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के बारे में पूछा। इसको लेकर सब इंस्पेक्टर बलजिंदर सिंह की पत्रकारों के साथ बहस हो गई।
काफी देर बहस के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसके बाद पुलिस वालों ने पत्रकारों पर लाठियां बरसाना शुरू कर दीं और जमकर पीटा। आरोप है कि पुलिस ने एक पत्रकार सिख युवक को घसीटा और बेअदबी भी की।