स्नैचिंग, चोरी समेत कई मामलों में संलिप्त शातिर स्नैचर को पीसीआर कर्मियों ने दबोच लिया। आरोपी अबरोल नगर में स्कूटी सवार टीचर को साइड मार उसका पर्स छीनकर भाग रहा था। स्नैचर का लोगों ने पीछा किया और गांव भड़ोली मोड़ के पास पीसीआर कर्मियों ने बाइक सवार स्नैचर को पकड़ लिया। आरोपी से पर्स बरामद कर लिया गया। आरोपी की पहचान सचिन गुप्ता निवासी जलाकड़ी मोहल्ला सुजानपुर के तौर पर हुई है। थाना-1 के एएसआई दलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी वाल्मीकि चौक में मौजूद थी। इसी दौरान अबरोल नगर ग्रीन ऐवेन्यू निवासी ममता अत्रि ने पुलिस को बताया कि वह परमानंद स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल में टीचर है। रोजाना की तरह अपनी स्कूटी पर सवार होकर बस स्टैंड पर स्कूटी को खड़ा कर बस लेकर स्कूल में पढ़ाने के लिए जाती है। वह बुधवार को स्कूल से छुट्टी होने के बाद बस में सवार होकर बस स्टैंड पहुंची और घर अबरोल नगर को जा रही थी। उसने अपना पर्स स्कूटी के आगे टांग रखा था। जिसमें पैसे और कागजात थे। वह अबरोल नगर रोड पर पहुंची तो पिछली साइड से बाइक सवार युवक ने उसे साइड मार दी और स्कूटी के आगे रखे पर्स को झपटकर ले गया। उसने शोर मचाया तो लोग इकट्ठे हो गए। लोगों ने अपनी-अपनी बाइक पर स्नैचर का पीछा किया। वहीं भरोली मोड़ के पास मौजूद पीसीआर कर्मचारियों ने आरोपी को पकड़ लिया। एएसआई दलबीर सिंह ने बताया कि आरोपी सचिन पर 2015 में भी छीनाझपटी का मामला दर्ज हुआ था, उसके बाद आरोपी पर जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिला में 2 मामले दर्ज हैं। 2019 में भी आरोपी चोरी के आरोप में नामजद हुआ था। जिसके बाद से वह फरार था, अब पिछले रविवार की आरोपी ने सुजानपुर पुल नंबर 5 पर स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। एएसआई ने बताया कि आरोपी शातिर हैं, यह पठानकोट और सुजानपुर में चोरी की कई वारदात में संलिप्त है। इसका पुलिस रिमांड हासिल कर पूछताछ की जाएगी तो काफी मामले ट्रेस होने की संभावना है।