मुक्तसर। दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 40 सिंहों की याद में लगने वाले मेला माघी को लेकर शहर में रौनक बढ़ने लगी है। संगत का आगमन शुरू हो गया है। वहीं निहंग सिंहों के दलों ने भी डेरे डालने शुरू कर दिए हैं। उधर, मलोट रोड पर मनोरंजन मेला स्थल पर भी लोग अभी से आने लगे हैं। ऐसे में शहर में हर तरफ चहल-पहल बढ़ गई है। टिब्बी साहिब रोड पर गुरु नानक कॉलेज के सामने और गुरुद्वारा टिब्बी साहिब के आसपास निहंग सिंहों ने घोड़े और हाथियों के साथ डेरे डाल दिए हैं। गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब में भी धार्मिक आयोजन शुरू हो गए हैं। माघी वाले दिन 14 जनवरी को लाखों की तादात में संगत गुरुद्वारा साहिब के पवित्र सरोवर में स्नान करने के बाद 40 सिंहों को नमन करेगी। सोमवार को टिब्बी साहिब रोड गुरुद्वारा साहिब में सुबह से ही संगत का आना शुरू हो गया था।