टांडा (रामपुर)। स्थानीय क्षेत्र में मासूम के साथ दुष्कर्म के आरोप में युवक को गिरफ्तार करके पुलिस ने जेल भेज दिया। बीते सोमवार को दोपहर बाद करीब 3:00 बजे नगर निवासी युवक मोहल्ले की 6 वर्षीय मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर ई रिक्शा में अपने साथ जंगल में खेतों की ओर ले गया। निकटवर्ती गांव रतुआ नगला के पास स्थित खेत में ले जाकर मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी मासूम को बेहोशी की अवस्था में खेत में छोड़ आया। काफी समय तक मासूम के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने खोजना शुरू किया। मोहल्ले में एक दूसरे से पूछते आसपास के खेतों में तलाशा। इस दौरान जंगल की ओर से आए लोगों ने परिजनों को बताया आरोपी अपने रिक्शा में बैठाकर बच्ची को गांव रतुआ नगला की ओर ले जाते देखा था। इसके बाद परिजन तथा मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचने पर मासूम बेहोशी की अवस्था में पड़ी हुई मिली। इसके बाद मासूम बच्ची को बेहोशी की अवस्था में टांडा सीएचसी ले आए तथा उक्त घटना से गुस्साए मोहल्ले वासियों ने कोतवाली पहुंचकर घेराव किया तथा आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।मासूम के पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म की तहरीर दी। इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की तथा आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।