पंजाब-हिमाचल सीमा स्थित ढाबे के शौचालय में पंजाब पुलिस के कमांडो की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक कमांडो मनप्रीत सिंह (25) पुत्र सुरजीत सिंह, गांव लुभान, तहसील समराला, जिला लुधियाना का रहने वाला है। लुधियाना स्थित 3 आरडी कमांडो बटालियन में तैनात मनप्रीत सिंह अपने भाई के साथ बाइक पर जम्मू के लिए निकला था। थाना डमटाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जांच अधिकारी एएसआई नंद लाल ने बताया कि शनिवार को मनप्रीत अपने भाई जसप्रीत की ससुराल जम्मू जाने के लिए बाइक पर ही निकला था। देर रात वह डमटाल पहुंचे तो तेज बारिश के कारण दोनों प्रधान डाबा पर रुक गए। वहां मनप्रीत का भाई शौचालय गया और काफी देर तक बाहर नहीं आया। शक होने पर मनप्रीत उसे देखने गया। बगल वाले शौचालय में जाकर दीवार और छत के बीच छूटी जगह से देखने की कोशिश की। इस दौरान मनप्रीत ने शौचालय में लगी प्लास्टिक की ड्रेनेज टंकी पर पैर रखा।
जैसे ही मनप्रीत ने खाली जगह से गर्दन बाहर निकाली तो टंकी टूट गई और मनप्रीत की गर्दन वहीं फंसी रही। झटका लगने से मनप्रीत की गर्दन टूट गई और उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी ने बताया कि मनप्रीत का भाई जसप्रीत बगल वाले शौचालय में था। उसकी तबीयत खराब थी और उसने दवा ली थी। इससे उसे शौच करते हुए नींद आ गई। वहीं, जब अन्य कोई व्यक्ति शौचालय गया तो उसने मनप्रीत की लाश लटकते हुए देखकर पुलिस को सूचित किया। एएसआई ने बताया कि टांडा मेडिकल कॉलेज से पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार को सौंप दिया गया है।