संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। किसानों की तरफ से मंगलवार सुबह सरकार खिलाफ लगाया गया धरना शाम तक जारी रहा। हालांकि जिला प्रशासन के अधिकारियो ने किसानों से धरना खत्म करने व उनकी मांगे जल्द मनवाने का भरोसा भी दिया, लेकिन किसानों ने अधिकारियो की एक न मानी। अधिकारियों ने किसानों को कहा कि वह उनकी मांगे सरकार तक पहुंचाकर जल्द से जल्द उनका हल करवांएगे, लेकिन किसान मांगे पूरी न होने तक धरना खत्म नहीं करने की जिद्द पर अड़ गए। इतना ही नहीं, गुस्साए किसानों ने जालंधर-लुधियाना हाईवे की एक सड़क पर टेंट लगाकर पक्का धरना लगा दिया है। हालात इसलिए भी बेकाबू होते जा रहे हैं क्योंकि किसानों के इस धरने में कई और किसान जत्थेबंदियां पहुंचनी शुरू हो गईं है। हालांकि धरने को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया है। इसके बावजूद इस धरने ने ट्रैफिक इतना जाम हो गया है कि वाहनों की लम्बी कतारें रोड पर लग गईं है। देर शाम तक भी भारी संख्या में किसान हाईवे जामकर सड़क पर बैठे हुए थे, जिसका हल पुलिस व प्रशासन को फिलहाल दिखाई नहीं दे रहा है।