नंगल। पंजाब में 15 वर्ष पूरे कर चुके ट्रकों की पासिंग फीस में भारी वृद्धि के विरोध में नंगल में ट्रक ऑपरेटरों और मालिकों ने पंजाब सरकार का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। ट्रक यूनियन के आह्वान पर ट्रक मालिक और चालक तहसील कॉम्प्लेक्स तक रोष रैली निकालते हुए पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर ट्रक ऑपरेटर हरयाप सिंह और सुरजीत सिंह ने कहा कि पहले आम आदमी पार्टी के शासन में 15 वर्ष से पुराने ट्रकों की पासिंग फीस केवल 500 रुपये थी। इसके बाद इसे 14 हजार, फिर 16 हजार और अब 31 हजार रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस बढ़ोतरी से छोटे ट्रक मालिक आर्थिक तौर पर कमजोर हो जाएंगे। ट्रक ऑपरेटरों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार अपना यह निर्णय वापस नहीं लेती, तो संघर्ष और तीखा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई ट्रक मालिक अपनी कमाई और परिवार की आजीविका के लिए पुराने ट्रक चलाते हैं। इस मौके पर नरिंदर राणा, सरपंच दविंदर पाठक, मनोज कुमार, चन्नन सिंह, अजय राणा, बलवंत कुमार, संगत सिंह काका, विक्की और अन्य दर्जनों ट्रक मालिक मौजूद थे। संवाद