पठानकोट। रविवार को सीजन की पहली धुंध के कारण पठानकोट शहर और आसपास का पूरा एरिया सफेद चादर में लिपट गया। वहीं, तापमान भी तीन डिग्री लुढ़ककर 16 डिग्री पर आ गया। रविवार को सुबह तड़के 5 बजे से 10 बजे तक पूरा शहर धुंध के आगोश में रहा। इसके बाद दोपहर 12 के करीब धुंध छंटी तो धूप में तपिश गायब रही। गहरी धुंध के कारण दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं दृश्यता भी मात्र 30 मीटर तक रही। पठानकोट में शनिवार को अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड दर्ज किया गया जो रविवार को 3 डिग्री फिसलकर 16 डिग्री के आसपास रहा। रविवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। ठंड के कारण बाजारों में दिनभर रौनक गायब रही। मौसम विभाग चंडीगढ़ के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहेगा। सोमवार से शनिवार तक मौसम साफ रहेगा।