पठानकोट के गांव जैनी उपरली निवासी युवक की तंजानिया में मौत हो गई। मौत का कारण मलेरिया बताया जा रहा है। मृतक तिलक राज के साढू रजनीश कालू ने बताया कि तिलक राज 2010 से तंजानिया की सर्वे सीमेंट कंपनी में बतौर इलेक्ट्रिशियन काम कर रहा था। दिवाली के दौरान 2 महीने की छुट्टी काटकर 10 दिसंबर को ही वापस तंजानिया गया था। दिसंबर के आखिर में वह बीमार हो गया, कंपनी ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत बिगड़ती चली गई और शनिवार को मौत हो गई। रजनीश ने बताया कि कंपनी मालिक मृतक का तंजानिया में ही अंतिम संस्कार कर अस्थियां भारत भेजने की बात कह रहे थे, लेकिन परिवार के आग्रह पर अब शव को हवाई मार्ग से दिल्ली लाया जाएगा। सोमवार को दारा सलाम स्थित दूतावास से कागजी कार्रवाई के बाद मंगलवार देर रात या बुधवार सुबह तक मृतक की देह दिल्ली इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कार्गो विमान से पहुंचने की उम्मीद है।