स्मार्ट सिटी कंपनी की समीक्षा बैठक में वीरवार को सांसद चौधरी संतोख सिंह ने निर्देश दिया कि सभी प्रोजेक्टों पर काम तेज किया जाए। उन्होंने कहा कि अगले तीन महीनों में ज्यादा से ज्यादा प्रोजेक्ट पूरे किए जाएं। लोगों को शहर में स्मार्ट सिटी का काम होते हुए नजर आना चाहिए। बैठक में मेयर जगदीश राज राजा, विधायक राजिंदर बेरी, विधायक सुशील रिंकू, विधायक बावा हेनरी, स्मार्ट सिटी कंपनी के सीईओ करनेश शर्मा और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। सांसद चौधरी ने कहा कि पूरे शहर के लिए एलईडी स्ट्रीट लाइट प्रोजेक्ट बेहद महत्वपूर्ण है। इस पर जमीनी स्तर पर जल्द काम शुरू होना चाहिए। सांसद ने निर्देश दिए है कि शहर के 11 चौकों के सौंदर्यीकरण के काम में भी तेजी लाई जाए। यह प्रोजेक्ट लंबे समय से लटक रहा है। इससे नगर निगम और स्मार्ट सिटी कंपनी की छवि खराब हो रही है। गुरु नानक पुरा रेलवे ब्रिज पर मांग की गई है कि है स्मार्ट सिटी कंपनी के तहत बनाया जाए। विधायक राजिंदर बेरी ने कहा कि सेंट्रल हलके में पार्कों और ग्रीन बेल्ट के काम में तेजी लाई जाए।