बरगाड़ी बेअदबी मामले से संबंधित कोटकपूरा और बहिबल गोलीकांड मामलों की शनिवार को जिला व सेशन जज की अदालत में सुनवाई हुई। कोटकपूरा गोलीकांड के केस की सुनवाई के समय एक आरोपी एसपी परमजीत सिंह पन्नू को छोड़कर बाकी सभी पांच आरोपी पूर्व शिअद विधायक मनतार सिंह बराड़, आईजी परमराज सिंह उमरानंगल, पूर्व एसएसपी चरनजीत सिंह शर्मा, एसपी बलजीत सिंह व एसआई गुरदीप सिंह हाजिर रहे। जबकि बहिबल गोलीकांड केस की सुनवाई में पूर्व एसएसपी चरनजीत सिंह शर्मा ने हाजिरी लगवाई। अदालत में जिला व सेशन जज के न होने के चलते दोनों मामलों की सुनवाई 17 जनवरी के लिए स्थगित कर दी गई। मालूम हो कि दोनों घटनाओं की जांच एसआईटी द्वारा की जा रही है और पहले चरण की पड़ताल के बाद दोनों घटनाओं में एसआईटी की तरफ से अदालत में चालान पेश किया जा चुका है। कोटकपूरा गोलीकांड मामले में पूर्व विधायक मनतार सिंह बराड़ के अलावा पांच पुलिस अधिकारियों को नामजद किया हुआ है। बहिबल गोलीकांड में अभी तक सिर्फ पूर्व एसएसपी चरनजीत सिंह शर्मा के खिलाफ ही चालान पेश किया गया है जबकि तीन अन्य नामजद पुलिस अधिकारी एसपी बिक्रमजीत सिंह, इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह और एसआई अमरजीत सिंह कुलार को हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिली हुई है और एसआईटी इन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ करना चाहती है। इन दिनों जिला अदालत में दोनों मामलों में एसआईटी के चालान के आधार पर आरोपियों पर चार्ज फ्रेम करने के लिए बहस चल रही है। चूंकि फरीदकोट के जिला व सेशन जज कुछ दिन पहले ही सेवामुक्त हो गए हैं और नए जज की तैनाती न होने के चलते शनिवार की सुनवाई स्थगित हो गई।