चेन छीने जाने की वारदात की जानकारी देती घायल हिमानी और परिवार के सदस्य।
- फोटो : PATHANKOT
ननद के साथ स्कूटी पर मायके से लौट रही महिला पर बदमाशों ने गांव छीना के पास हमला कर उन्हें स्कूटी से गिरा दिया और सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। इस हमले में स्कूटी सवार भगवानसर निवासी अनीता और उसकी ननद हिमानी बुरी तरह घायल हो गई। अनीता के सिर और गर्दन में गहरी चोट आई है। अनीता के ससुर जगदीश राज ने बताया कि उसकी बहू अपने मायके मीलवां गई थी, साथ में बेटी हिमानी भी थी। दोनों स्कूटी पर बुधवार शाम 4 बजे वापस आ रहे थे कि रास्ते में गांव छीना के पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए बाइक सवार युवकों ने उनकी स्कूटी को लात मारकर गिरा दिया। जैसे ही वे गिरीं एक युवक ने अनीता के सिर पर किसी भारी चीज से वार किया और उसकी चेन छीन फरार हो गए। स्कूटी से गिरकर हिमानी के सिर, पैर और हाथों में चोटें लगीं हैं। जबकि, अनीता के सिर, कंधे और गर्दन में गहरे घाव हैं। हिमानी ने बताया कि युवकों ने कपड़े से मुंह ढके थे। उसने बताया कि मामले की शिकायत थाना शाहला में दी गई है।