इंडस्ट्री पर पड़ रही बिजली कटों की मार के कारण इंडस्ट्री का करोड़ों का घाटा हो रहा है। सरकार व पॉवरकाम ने इंडस्ट्री पर लगने वाले कट कम तो क्या करने थे, बल्कि इंडस्ट्री पर 1 दिन का पावरकट और बढ़ा दिया गया है। इसके विरोध में शहर के कुछ उद्योगपतियों ने आज लेबर के साथ पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड के शक्ति सदन दफतर के सामने धरना दे दिया। उद्योगपतियों ने सरकार व विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इंडस्ट्री को 24 घंटे बिजली मुहैया कराने की मांग की। हालांकि 42 डिग्री की इस गर्मी में लगाए गए इस धरने में काफी कम संख्या में उद्योगपति शामिल हुए। इसके अलावा इस धरने में राजनीतिक पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर पंजाब की कांग्रेस सरकार को खूब कोसा। इस दौरान जालंधर इंडस्ट्रियल फोकल प्वाइंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजन गुप्ता ने कहा कि इस धरने का सभी इंडस्ट्री संगठनों ने समर्थन किया है। उन्होंने इस दौरान सरकार से मांग की है कि इंडस्ट्री को 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवाई जाए। दूसरी तरफ जालंधर इंडस्ट्रियल फोकल प्वाइंट एक्सटेंशन एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठाकुर का कहना है कि शक्ति सदन के सामने धरना देने से बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो सकती है, बल्कि इसके लिए पावरकॉम की उच्च मैनेजमेंट से बात करना जरूरी है।