जालंधर। पिछले पूरे महीने पंजाब में डबल इंजन की सरकार की चर्चा करने वाली पार्टी सिंगल इंजन वाली सरकार भी ढंग से नहीं चला पा रही। आगामी दिनों में बनने वाली पंजाब सरकार से कारोबारियों को कोई राहत की आशा नहीं करनी चाहिए। कारोबारी संगठनों को एक मंच पर आकर अपने व्यापार और उद्योग को बचाने के लिए आवाज उठानी होगी। इन बातों की जानकारी कारोबारी नेता रविंदर धीर ने साझा की। उद्योगपतियों की एक बैठक को संबोधित करते हुए रविंदर धीर ने कहा कि पंजाब के उद्योगपति 10 मार्च को विधानसभा चुनाव की मतगणना के बाद बनने वाली नई सरकार को लेकर आशान्वित नहीं हैं। चुनाव परिणामों के बाद पेट्रोल और डीजल के दामों में संभावित वृद्धि व कच्चे माल के मूल्य में बढ़ोतरी ने उन्हें चिंता में डाल दिया है। उद्यमियों ने लोहे व निकल में हो रही कालाबाजारी पर चिंता व्यक्त की। कारोबारियों ने कहा कि चाहे इंधन के रूप में प्रयुक्त होने वाली लकड़ी हो, जिंक हो, सॉल्वेंट आयल हो, पुराना तेल हो, डीओपी तेल हो, विभिन्न प्रकार के कलर हों, एलडी प्रोडक्ट हों, हर प्रकार के कच्चे माल के दाम आसमान छू रहे हैं व इसमें कालाबाजारी भी जम कर हो रही है। उन्हें लगता नहीं है कि आने वाली सरकार उनकी इस समस्याओं का हल कर सकेगी।