जालंधर। महानगर के इलाके लम्मा पिंड चौक के पास मोहल्ला अर्जुन नगर में शनिवार सुबह एक घर में आग लग गई। इससे घर में रखा सामान जलकर राख हो गया। घर के मालिक का कहना था कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंची। परिवार के लोगों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। घर के मालिक राजेश कुमार ने कहा कि उनके घर में सुबह करीब 7 बजे आग लग गई। जैसे ही घर में आग लगने का पता चला तो उसने दमकल विभाग को इसकी सूचना दी लेकिन घर तक पहुंचने का रास्ता तंग होने के कारण दमकल मौके तक नहीं पहुंच पाई। दमकल विभाग की टीम ने उनको फोन किया कि वह छोटी गाड़ी लेकर आते हैं। दमकल विभाग के समय पर न पहुंचने के कारण उनके परिवार के सदस्यों व मोहल्ला निवासियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी थी। आग की वजह से उनके घर का फर्नीचर और कीमती सामान जल गया जिससे लाखों का नुकसान हो गया।