होशियारपुर। टीकाकरण अभियान के अंतर्गत वीरवार को पुलिस लाइन अस्पताल में एसएसपी नवजोत सिंह माहल सहित कुल 137 फ्रंटलाइन वर्करों को टीका लगाया गया। एसएसपी के अलावा एसपी(एच) रमिंदर सिंह, एसपी(डी) रविंदरपाल सिंह संधू, एसपी(पीबी) मंदीप सिंह, डीएसपीज गुरप्रीत सिंह गिल, जगदीश राज अत्री अमर नाथ और प्रेम सिंह आदि ने टीका लगवाया। एसएसपी नवजोत सिंह ने बताया कि पुलिस लाइन अस्पताल में टीकाकरण का विशेष कैंप शुरू किया गया है। यह पांच दिन तक चलेगा। अभियान के तहत पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को वैक्सीन दी जाएगी। इसकी दूसरी खुराक 28 दिन बाद दी जाएगी। उन्होंने लोगों को अफवाहों से दूर रहने की अपील की। इस मौके पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. लखवीर सिंह और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सीमा गर्ग मौजूद रहे।