जालंधर। पंजाबी लोकनाच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लायलपुर खालसा कॉलेज में 10 दिवसीय 16 से 25 अप्रैल तक लोकनाच भंगड़ा ट्रेनिंग कैंप का आयोजन किया जाएगा। कैंप में प्रवेश फ्री होगा और इसमें छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक हिस्सा ले सकते हैं। यह कैंप रोजाना शाम 5 से 7 बजे तक लगाया जाएगा। शुक्रवार को कैंप की तैयारियों संबंधी विशेष मीटिंग कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. गुरपिंदर सिंह समरा की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान डॉ. समरा ने कहा कि कैंप के दौरान सरकार की तरफ से जारी कोविड गाइडलाइन का पालन किया जाएगा। सामाजिक दूरी का ध्यान रखने के साथ सभी के लिए सैनिटाइजर का प्रबंध भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी में भंगड़ा कैंप का महत्व और बढ़ जाता है, क्योंकि भंगड़ा शारीरिक फिटनेस और मानसिक ताजगी प्रदान करने के साथ मन को शांती पहुंचाता है। इसलिए इस कैंप में भंगड़ा प्रेमियों को अधिक से अधिक भाग लेना चाहिए। भंगड़ा कैंप के इंचार्ज एवं डिप्टी डीन कल्चरल अफेयर्स प्रो. पलविंदर सिंह ने बताया कि भंगड़ा ट्रेनिंग कैंप के लिए आनलाइन फ्री रजिस्ट्रेशन शुरू हो चकी हैं, जो कॉलेज के यूट्यूब चैनल पर जाकर करवाई जा सकती है। वहीं ऑफलाइन फ्री रजिस्ट्रेशन 14 अप्रैल से कॉलेज के ओपन एयर थिएटर में होगी। मीटिंग के दौरान डॉ. हरजिंदर सिंह शेखो, डॉ. अमृतपाल सिंह, डॉ. गगनदीप सिंह, डॉ. अजीतपॉल सिंह, डॉ. दिनकर शर्मा, प्रो. सतपाल सिंह, प्रो. ओंकार सिंह, डॉ. हरजिंदर कौर, प्रो. हरबिंदर कौर, प्रो. सुप्रीत कौर, प्रो. सोनू गुप्ता, प्रो. पूजा सोनिक, प्रो. शिल्पी, प्रो. जसप्रीत कौर के अलावा कॉलेज की भंगड़ा व गिद्दा टीमों के विद्यार्थी मौजूद थे।