100 ग्राम नशीला पाउडर व काफी संख्या में मादक पदार्थ बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। पुलिस ने सेंट्रल जेल फिरोजपुर के अंदर नशीले पाउडर व मादक पदार्थ के पैकेट फेंकते हुए चार आरोपियों को काबू किया है। तलाशी लेने पर इनके पास से 100 ग्राम नशीला पाउडर, 60 जर्दे की पुड़ियां, चार सिगरेट की डिब्बी व पंद्रह बीड़ियों के बंडल बरामद हुए हैं। थाना सिटी पुलिस ने रविवार उक्त चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
थाना सिटी पुलिस की टीम शहीद ऊधम सिंह चौंक के पास गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर ने गुप्त सूचना दी कि कुछेक शरारती तत्व जो नशा बेचते हैं और इस समय जेल के साथ-साथ घूम रहे हैं। ये लोग जेल के अंदर नशीले पदार्थ व मादक पदार्थ फेंकने की फिराक में हैं। पुलिस ने जेल के नजदीक अग्रशेन चौंक के पास चार लोगों को काबू किया। तलाशी लेने पर उनके पास बंधे हुए पैकेट बरामद हुए, इनमें 100 ग्राम नशीला पाउडर, 60 जर्दें की पुड़ियां, चार सिगरेट की डिब्बी व पंद्रह बीडियों के बंडल बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल पुत्र श्याम लाल, निशान, राहुल पुत्र शिंदा वासी बस्ती आवा व खड़क सिंह वासी बूर सिंह वाला जिला फाजिल्का के रूप में हुई है। थाना सिटी पुलिस ने उक्त चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उल्लेखनीय है कि पिछले कई दिनों से बाहर से जेल के अंदर पैकेट फेंके जा रहे थे। जेल में कई पैकेट मिले हैं, ऐसे पैकेटों में नशीला पदार्थ, मादक पदार्थ व मोबाइल बरामद हुए हैं। इसीलिए पुलिस ने जेल के आसपास चौकसी बढ़ाई हुई है। सूचना मिलते ही शरारती तत्वों को काबू कर लिया जाता है।