कोरोना वायरस के शक में दिल्ली एयरपोर्ट से सफदरजंग अस्पताल ले जाने पर आत्महत्या करने वाले बलाचौर के गांव सियाना निवासी तनवीर का शनिवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद दिल्ली से उसका शव सीधा सियाना के शमशान घाट लाया गया, जहां पर बेहद एहतियात से उसका अंतिम संस्कार किया गया।
सेहत विभाग की ओर से पुलिस प्रशासन की मदद से तमाम प्रबंध किए हुए थे और अंतिम संस्कार के दौरान किसी को भी शव के पास नहीं जाने दिया गया। बता दें कि गांव सियाना निवासी 23 साल का तनवीर 18 मार्च को अपनी मां के साथ सिडनी से भारत आया था। एयरपोर्ट पर जांच के दौरान उसे बुखार पाया गया।
इसके बाद उसे सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है। वहां पर तनवीर ने सातवीं मंजिल से कूद कर आत्महत्या कर ली। परिवार ने तनवीर की सेहत के प्रति गंभीरता न लेने का भी आरोप लगाया था। इस मामले को सांसद प्रो. मनीष तिवारी ने भी लोकसभा में उठाया था। हालांकि तनवीर के कोरोना पीड़ित संबंधी कोई रिपोर्ट नहीं आई है।