गुरुद्वारा के दो मुलाजिमों को लुधियाना व पांच विद्यार्थियों को फरीदकोट किया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। गांव बजीदपुर स्थित ऐतिहासिक जामनी साहिब गुरुद्वारा की रसोई में आग लगने से मची भगदड़ में पांच विद्यार्थी व दो गुरुद्वारा के मुलाजिम साठ फीसदी झुलस गए। जख्मियों को स्थानीय अस्पताल में दाखिल कराया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए दो मुलाजिमों को लुधियाना व पांच विद्यार्थियों को फरीदकोट के मेडिकल कॉलेज में रेफर किया है। बताया जा रहा है कि चूल्हे में सिलिंडर से आ रही गैस की पाइप उतर गई और आग रसोई में फैल गई।
गुरपाल सिंह, जगसीर सिंह व चमकौर सिंह ने बताया कि गुरुद्वारे की रसोई में लंगर तैयार हो रहा था। सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले पांच विद्यार्थी भी लंगर सेवा कर रहे थे। विद्यार्थी रसोई में कोई चीज लेने गए थे। अचानक रसोई में आग लग गई। रसोई में अफरातफरी मच गई। इनमें स्कूली छात्र राम भगवान (14) पुत्र सतनाम सिंह व रामपाल (18) पुत्र हंसा सिंह निवासी प्यारेआना दोनों विद्यार्थी 50 से 60 फीसदी तक झुलस गए, इन्हें सिविल अस्पताल में फर्स्ट एड देने के बाद मेडिकल कॉलेज फरीदकोट में रेफर कर दिया गया।
वहीं, छात्र गुरबख्श सिंह (17) पुत्र गुरमुख सिंह व जगसीर पुत्र बलवीर सिंह व आकाशदीप सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह लगभग 30 फीसदी तक झुलस गए। इन्हें भी फरीदकोट के मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया है। जबकि गुरुद्वारा के मुलाजिम कुलविंदर सिंह व एक अन्य लगभग साठ फीसदी झुलस गए, इन्हें स्थानीय अस्पताल में दाखिल कराया गया। इनकी नाजुक हालत देख दोनों गुरुद्वारा मुलाजिमों को लुधियाना रेफर कर दिया है।
उधर, सिविल अस्पताल के डॉ. जतिंदर कोछड़ ने कहा कि ये लोग लगभग काफी झुलसे गए हैं, लेकिन खतरे से बाहर हैं, इन्हें लुधियाना व फरीदकोट रेफर किया है। पीड़ित छात्र गुरबख्श सिंह की मां ने कहा कि उसका बेटा प्लस-टू में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ता है। बेटा गुरुद्वारे में सेवा करने गया था। उसे फोन कर बताया कि गुरुद्वारे की रसोई में लगी आग से उसका बेटा झुलस गया है। अस्पताल में पहुंचकर देखा कि बेटे की हालत गंभीर है। बेटे को फरीदकोट रेफर किया है। दूसरी तरफ सूचना मिलते ही एसएसपी सौम्या मिश्रा व अन्य अधिकारी गुरुद्वारा साहिब पहुंच गए।
ऐसे लगी आग
जानकारों का कहना है कि गुरुद्वारा रसोई में लंगर तैयार करने को कई चूल्हे लगे हैं। गैस सिलिंडर एक स्टोर में रखे हैं। पाइप के जरिये चूल्हों को गैस की सप्लाई दी है। किसी एक चूल्हे की गैस पाइप उतर गई और रसोई में आग फैल गई। वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और सात लोग झुलस गए।
फोटो कैप्शन -फिरोजपुर के जामनी साहिब गुरुद्वारा में लगी आग का दृश्य।
फोटो कैप्शन -फिरोजपुर के सिविल अस्पताल में दाखिल पीड़ित।