जालंधर। किसानों को गेहूं की फसल के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मुख्य खेतीबाड़ी अफसर डॉ. सुरिंदर सिंह ने जिले के खेतीबाड़ी माहिरों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि गेहूं की फसल पर मौजूदा समय के दौरान अधिक ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने हिदायत दी कि सभी अधिकारी गांवों का दौरा कर किसानों की तकनीकी जरूरतों को पूरा करने का भरसक प्रयास करें। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर किसान खेती कानूनों के विरोध में गांवों में मौजूद नहीं हैं। इसके चलते फसल की देखरेख कर रहे लोगों को तकनीकी सलाह जरूर दी जाए, ताकि किसानों की गैरहाजिरी में जरूरत से ज्यादा खाद या दवा का इस्तेमाल रोका जा सके। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि वह कोविड-19 के लिए निर्धारित मापदंडों को ध्यान में रखते हुए गांवों का दौरा करें।