अबोहर रोड स्थित बाबा जीवन सिंह नगर के रहने वाले पूर्व फौजी ने अपने घर की दूसरी मंजिल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पूर्व फौजी स्वर्णजीत सिंह (40) पुत्र जुगराज सिंह लगभग सात-आठ वर्ष पहले सेना से रिटायर हुए थे। वह मौजूदा समय में वेयर हाउस में काम कर रहे थे। 20 दिन पहले सड़क हादसे में उनके हाथ की एक उंगली कट गई। इसके बाद वह घर पर ही थे। शनिवार रात उनकी पत्नी व दोनों बेटे किसी काम से रिश्तेदारी में बठिंडा गए हुए थे। स्वर्णजीत सिंह अकेला ही घर पर था। रात के समय उसने अपने घर की दूसरी मंजिल में बने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या का पता सबसे पहले पड़ोस में रहने वाले उनके भाई के बेटे को लगा। वह अपने चाचा को चाय देने आया था। काफी देर तक गेट खटखटाने के बाद भी जब स्वर्णजीत सिंह ने गेट नहीं खोला तो उसने दरवाजे के ऊपर से देखा तो स्वर्ण सिंह का शव लटका हुआ था। उसने इसकी सूचना पार्षद बलतेज सिंह को दी। उसने तुरंत ही इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर बस अड्डा चौकी इंचार्ज वीरपाल ने पहुंचकर पारिवारिक सदस्यों के बयान लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।