जालंधर। कोविड मरीज की देखभाल और इलाज के दौरान तय रकम से ज्यादा पैसे वसूलने की शिकायत के बाद 18 मई को जिला प्रशासन ने शमशेर अस्पताल का कोविड केयर सेंटर रद्द कर दिया था। अब इस मामले में जिले के डीसी घनश्याम थोरी ने इस अस्पताल के खिलाफ मामला दर्ज करने की सिफारिश पुलिस कमिश्नर को की है। पुलिस कमिश्नर को भेजी एक विज्ञप्ति में डीसी ने कहा कि अब पुलिस को इस मामले की जांच करनी चाहिए। अगर पुलिस जांच में इस अस्पताल पर लगे आरोपों की पुष्टि होती है तो शमशेर अस्पताल के खिलाफ कानून के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है। डीसी घनश्याम थोरी के मुताबिक जांच में खुलासा हुआ है कि अस्पताल में कोविड 19 की गाइडलाइन के अनुसार काम नहीं किया जा रहा है। जांच में यह भी पाया गया है कि मरीज के इलाज के लिए एक्सपायर दवा का इस्तेमाल किया गया था। इतना ही नहीं अस्पताल में बनी जिस लैब में टेस्ट किए जा रहे हैं, उस लैब को खोलने की अनुमति भी अस्पताल के पास नहीं है। इन सभी तथ्यों के सामने आने के बाद डीसी घनश्याम थोरी ने पुलिस को इस अस्पताल पर कड़ी कार्रवाई करने की सिफारिश की है।