गांव दौलतपुरा से मंगलवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे लापता हुई महिला का शव 11 बजे गांव तूतवाला के नजदीक नहर से मिला। थाना खुईयां सरवर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गांव दौलतपुरा निवासी केसरा राम के पुलिस को बताया उसकी पत्नी माया देवी कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान थी। वह मंगलवार सुबह करीब साढे़ पांच बजे घर से लापता हो गई। इस पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। सुबह करीब 11 बजे नर सेवा समिति को गांव तूतवाला के निकट नहर में एक महिला का शव अटका होने की सूचना मिली। समिति के सदस्यों ने पुलिस चौकी कल्लरखेड़ा की मदद से शव को बाहर निकाला और अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। नहर से शव मिलने का पता चलते ही माया देवी के परिजन अस्पताल पहुंचे और उसकी पहचान की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।