जालंधर में थाना नंबर-7 के अंतर्गत आने वाले ओवल हट होटल के एक कमरे में जम्मू की रहने वाली महिला शहनाज का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महिला का शव पंखे से लटका हुआ पाया गया।
बताया जा रहा है कि शहनाज नौकरी की तलाश में जालंधर आई थी और होटल में ठहरी हुई थी। घटना की सूचना मिलने पर थाना नंबर-7 की पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस होटल के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि महिला की गतिविधियों और घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। फिलहाल महिला की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस कमरे की तलाशी लेकर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वहां कोई सुसाइड नोट या अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद हैं या नहीं। शुरुआती तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।