एक्टिवा पर दुकान में सामान लेने के बहाने से आए शातिर चोर दुकान से 20 हजार के रिचार्ज कूपन चोरी कर ले गए। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आनंद नगर के रहने वाले परविंदर सिंह ने कहा कि उनकी इलाके में ही चड्ढा करियाना स्टोर है। वह रविवार को दोपहर के बाद सोने के लिए घर गए हुए थे। इस दौरान उनकी बुजुर्ग मां निर्मल कौर दुकान में बैठी हुई थी। एक व्यक्ति एक्टिवा पर पहले बिस्कुट और बाद में घी लेने के लिए आया और चला गया।
निर्मल कौर ने कहा कि इस दौरान वह दुकान का सामान समेट रही थी कि तीसरी बार उक्त व्यक्ति आया। मेन दरवाजे से काउंटर के पास आया और वहां पड़े करीब 20 हजार की कीमत के रिचार्ज कूपन के डिब्बे को उठाया और फरार हो गया। उनकी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में सारी वारदात कैद होने पर मामले के बारे में उन्होंने थाना एक में शिकायत कर दी।
थाना एक के एसएचओ बलवीर सिंह ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है कि व्यक्ति जिस एक्टिवा पर आया था वह सफेद रंग की थी। पुलिस ने एक्टिवा के नंबर के रिकार्ड को देखा, तो यह संगरूर के रहने वाले चमकौर सिंह के नाम पर निकली। अब मामला दर्ज कर वह एक्टिवा के मालिक से संपर्क साधने की तैयारी में है। इसके बाद ही मामले का कुछ पता लग पाएगा।