केंद्रीय मॉडर्न जेल में बुधवार देर शाम एक विचाराधीन कैदी ने जेल अस्पताल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक कैदी की पहचान मोगा के जीरा रोड निवासी विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की (30) पुत्र राजिंदर सिंह के रूप में हुई। जेल प्रशासन के अनुसार विक्रमजीत सिंह को थाना सिटी मोगा पुलिस ने चोरी के एक मामले में नामजद किया था।
इस केस में गिरफ्तारी के बाद उसे 16 अक्तूबर को मोगा की सब जेल से फरीदकोट जेल भेजा गया था। यहां आने पर वह बीमार हो गया और उसका जेल अस्पताल से इलाज करवाया जा रहा है। बीमारी की वजह से मानसिक रूप से परेशान होकर विक्रमजीत सिंह ने बैरक की बाथरूम में फंदा लगा लिया।
जानकारी मिलते ही उसे तुरंत फंदे से नीचे उतारा गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। जेल अधीक्षक बलकार सिंह भुल्लर ने बताया कि जेल प्रशासन ने मृतक कैदी के शव का गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल से ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम करवाया और उसे वारिसों के हवाले कर दिया।