निजात्म नगर के रहने वाले एएस मेटल इंडस्ट्री के मालिक ने बुधवार को फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे राकेश महाजन का शव पंखे से झूलता देखकर उनकी पत्नी विजय ने शोर मचाया। प्राथमिक जांच में पता चला है कि एएस मेटल इंडस्ट्री के मालिक राकेश महाजन (65) कर्ज से परेशान थे।
कर्ज उतारने के चक्कर में उनकी कोठी तक बिक गई थी। उनके बेटे के मुताबिक उनके पिता ने बुधवार को किसी फाइनेेंसर को 10 लाख रुपये देने का वादा किया था, इस कारण वे परेशान थे।
बेटे शैली महाजन के मुताबिक उनके बड़े भाई विक्रांत महाजन विक्रांत मेटल इंडस्ट्री के नाम से कारोबार करते हैं। वहीं वे पिता के साथ एएस मेटल का काम संभालता हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को उनके पिता पूजा कर निजात्म नगर में ही कोठी के नीचे बने कार्यालय में आए। करीब साढे़ सात बजे उन्होंने पंखे से खुद को फंदा लगा लिया।
शैली ने कहा कि उनकी कोठी पहले जेपी नगर में थी। निजात्म नगर में कारोबार का गोदाम बना रखा था। कर्ज की वजह से जेपी नगर की कोठी बेचनी पड़ी, लेकिन अभी काफी पैसे कर्ज उनके पर था। कुछ दिन पहले उनके पिता के मोबाइल पर फोन आया। इसमें उनके पिता ने कहा था कि उनको 30 मार्च तक की मोहलत दे दी जाए, वह 10 लाख रुपये अदा कर देंगे। दूसरी तरफ से फोन करने वाला इस जिद्द पर था कि वह 23 मार्च को ही 10 लाख रुपये लेकर जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर 174 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक सुसाइड करने वाले राकेश महाजन की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है, अगर उसमें कोई नंबर फाइनेंसर का निकलता है तो उसको जांच में शामिल किया जा सकता है।