मकान की रजिस्टरी करवाने नकोदर तहसील जा रहे एक व्यक्ति से तीन अज्ञात लुटेरे 3 लाख लूट कर फरार हो गए। पुलिस ने एक महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिंदर सिंह ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि उसने गांव में बिकाऊ एक घर का सौदा किया था, जिसकी रजिस्टरी होना बाकी था। मकान का सौदा फगवाड़ा के आदर्श नगर की रहने वाले अमरजीत कौर ने तय करवाया था। यह मकान भजो पत्नी जगीर के नाम है, जो रिश्ते में अमरजीत कौर की ननंद है।
अमरजीत कौर ने उसे रजिस्टरी करवाने के लिए नकोदर तहसील बुलवाया था। वह स्कूटी पर जा रहा था कि नकोदर-जालंधर मार्ग के रास्ते में पड़ती नहर के पास पहले एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति उसको क्रॉस कर निकला। बाद में टेंपो पर आए तीन लुटेरों ने स्कूटी पर टक्कर मार दी।
वह गिरने से घायल हो गया और लुटेरे उसकी स्कूटी में पड़े तीन लाख लूट ले गए। महिंदर सिंह को 108 एंबुलेंस से नकोदर सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। इलाज के बाद उनको अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। थाना सदर नकोदर के एएसआई महिंदर पाल ने कहा कि महिला अमरजीत कौर के अलावा चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।