नैनी का कोर्स कर कनाडा गई युवती ने विवाह के नाम पर अपनी एनआरआई मामी के खिलाफ 15 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। जिला पुलिस की मानव तस्करी विंग की प्राथमिक पड़ताल के बाद थाना धर्मकोट पुलिस ने आरोपी मामी समेत एनआरआई पति, सास और ननद के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव भिंडर कलां निवासी हरविंदर कौर ने जिला पुलिस प्रमुख को शिकायत दी थी कि वह नैनी का कोर्स कर 2012 में कनाडा चली गई थी। उसकी कनाडा में रहती मामी कुलवंत कौर ने उसका कनाडा में विवाह करवाने के लिए 20 लाख रुपये में सौदा कर उसके पास से 15 लाख रुपये ले लिए थे।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि कनाडा में मार्च 2014 में उसका विवाह मनजिंदर सिंह निवासी गांव घल्लकलां से करवा दिया। विवाह के बाद उसका एनआरआई ससुर परिवार और नगदी की मांग करने लग पड़ा। पीड़िता के मुताबिक उसके परिवार ने और रकम देने से असमर्थता जाहिर कर दी।
इसके बाद आरोपियों ने उसकी गैर कानूनी ढंग से काम करने की कनाडा पुलिस को शिकायत कर दी। इसके बाद उसे डिपोट कर वापस भारत भेज दिया गया। उसके ससुर परिवार ने उसे कनाडा बुलाने के लिए कोई पेपर भी अप्लाई नहीं किया।
इस केस की जांच कर रहे एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि जिला पुलिस प्रमुख के आदेशों पर मानव तस्करी विंग ने इस मामले की पड़ताल की। आरोप साबित होने बाद थाना धर्मकोट में पीड़ित युवती की एनआरआई मामी कुलवंत कौर, एनआरआई पति मनजिंदर सिंह, सास हरदीप कौर और ननद कमलजीत कौर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।